ग्रामोदय विश्वविद्यालय एक लाख एक हजार दीपों के प्रज्वलन के साथ चित्रकूट गौरव दिवस में सहभागी बना

चित्रकूट : मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम के प्राकट्य दिवस राम नवमी के पावन अवसर पर आयोजित सामूहिक “चित्रकूट गौरव दिवस” कार्यक्रम में महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय ने कुलगुरु प्रो. आलोक चौबे के नेतृत्व में एक लाख एक हजार दीपों के प्रज्वलन के साथ उत्साहपूर्वक सहभागिता की। यह भव्य आयोजन हर्ष, उल्लास और आध्यात्मिक वातावरण के बीच संपन्न हुआ।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय द्वारा सतना-चित्रकूट मुख्य मार्ग स्थित मुख्य परिसर, परिक्रमा बाईपास मार्ग पर स्थित कृषि परिसर तथा इससे जुड़े प्रमुख मार्गों पर दीप प्रज्वलित किए गए, जिससे सम्पूर्ण क्षेत्र दीपमालिका से आलोकित हो उठा।

कुलगुरु प्रो. आलोक चौबे ने दीप प्रज्वलन के दौरान चिन्हित स्थलों का अवलोकन करते हुए शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने इस आयोजन को आस्था, एकता और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक बताया।

कुलसचिव प्रो. आञ्जनेय पांडेय ने जानकारी दी कि आयोजन की सफलता हेतु विश्वविद्यालय के सभी संकायों, विभागों एवं अनुभागों को पूर्व से ही दायित्व सौंपे गए थे। सभी ने अपने-अपने निर्धारित स्थलों पर दीप प्रज्वलन कर सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की।

दीप प्रज्वलन हेतु दायित्व निर्धारण इस प्रकार रहा—
स्फटिक शिला से विश्वविद्यालय गेट तक — कला संकाय
विश्वविद्यालय गेट से दूरसंचार कार्यालय तक — विज्ञान एवं पर्यावरण संकाय
दूरसंचार कार्यालय से सैनिक भवन तक — अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संकाय
सैनिक भवन से सतना बाईपास तक — ग्रामीण विकास एवं प्रबंधन संकाय
कृषि फार्म परिसर एवं मार्ग — कृषि संकाय
विश्वविद्यालय गेट एवं मुख्य परिसर — वैदेही एवं अनुसुइया छात्रावास
अतिथि गृह — अतिथि गृह स्टाफ
रजत जयंती भवन — संबंधित कर्मचारीगण

सभी संकायों के अधिष्ठाता, शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी एवं विद्यार्थियों ने समन्वित रूप से अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए एक लाख एक हजार मिट्टी के दीपों को प्रज्वलित कर चित्रकूट गौरव दिवस को भव्यता प्रदान की। दीपों की मनोहारी श्रृंखला ने क्षेत्र में आध्यात्मिक ऊर्जा, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक चेतना का संदेश प्रसारित किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Back to top button