
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : गुरुवार 2018 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी गौरव कुमार ने नगर आयुक्त, लखनऊ के रूप में विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। नगर निगम मुख्यालय में पूर्व नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह ने उन्हें पदभार सौंपा। इस अवसर पर निगम के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
इसके साथ ही गौरव कुमार ने लखनऊ स्मार्ट सिटी लिमिटेड के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) का भी पदभार ग्रहण किया। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत शहर को तकनीकी रूप से सशक्त और नागरिक सुविधाओं से युक्त बनाने की दिशा में वे सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
चंडीगढ़ निवासी गौरव कुमार ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा चंडीगढ़ से ही प्राप्त की है और वे मैकेनिकल इंजीनियरिंग में स्नातक हैं। प्रशासनिक सेवा में आने से पहले वे तकनीकी और प्रबंधन से संबंधित क्षेत्रों में भी दक्षता प्राप्त कर चुके हैं। अपने प्रशासनिक जीवन में उन्होंने विभिन्न पदों पर रहते हुए कुशल प्रबंधन और जनहित में कई महत्वपूर्ण कार्यों को अंजाम दिया है।
कुमार ने मीडिया से बातचीत करते हुए अपनी प्राथमिकताओं को साझा किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके कार्यकाल का उद्देश्य केवल विकास कार्य कराना नहीं, बल्कि एक संवेदनशील, जवाबदेह और पारदर्शी शहरी प्रशासन स्थापित करना होगा।
नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने श्री गौरव कुमार का स्वागत करते हुए उन्हें अपने पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। लखनऊ शहर में भी उनके नेतृत्व को लेकर एक नई उम्मीद देखी जा रही है। श्री कुमार के नेतृत्व में शहर की बुनियादी सेवाओं में सुधार, नागरिक सुविधाओं का विस्तार और पर्यावरणीय संतुलन को लेकर प्रभावी पहल की आशा की जा रही है।
नगर निगम द्वारा बताया गया कि आने वाले दिनों में श्री कुमार शहर के विभिन्न वार्डों का दौरा करेंगे और स्वयं जमीनी स्तर पर समस्याओं का आंकलन कर त्वरित निर्णय लेंगे।