भारत रत्न डॉ0 भीमराव आंबेडकर स्मारक एवं सांस्कृतिक केन्द्र 15 जुलाई तक जनता को समर्पित होगा : जयवीर

अनुपूरक न्यूज़ एजेंसी, लखनऊ : उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि लखनऊ के ऐशबाग स्थित संविधान निर्माता एवं भारत रत्न डॉ0 भीमराव आंबेडकर स्मारक एवं सांस्कृतिक केन्द्र आगामी 15 जुलाई, 2026 तक पूर्ण कराकर प्रदेश की जनता को समर्पित कर दिया जाएगा। डॉ0 भीमराव आंबेडकर स्मारक एवं सांस्कृतिक केन्द्र का निर्माण एक प्रेरणा स्थल के रूप में कराया जा रहा है। यह स्थल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का ड्रीम प्रोजेक्ट है। यह सांस्कृतिक केन्द्र स्मारक 1.34 एकड़ क्षेत्र में फैला हुआ है। इस स्थल को दिव्य एवं भव्य बनाने का प्रयास किया जा रहा है। साज-सज्जा एवं अन्य अवशेष कार्यों को 15 जुलाई 2026 को पूरा करा लिया जाएगा।

पर्यटन मंत्री श्री जयवीर सिंह, सदस्य विधान परिषद श्री लाल जी प्रसाद निर्मल तथा मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी के साथ आज निर्माणाधीन स्मारक एवं सांस्कृतिक केन्द्र का विधिवत निरीक्षण किया। उन्हांेने कार्यदायी संस्था को सभी कार्य गुणवत्ता तथा मानक के अनुसार पूर्ण कराए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई शिकायत पाए जाने पर संबंधित की जिम्मेदारी तय करते हुए कठोर कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने बताया कि स्मारक के प्रथम चरण का कार्य पूर्ण हो चुका है। द्वितीय चरण के दौरान 500 व्यक्तियों की क्षमता वाला प्रेक्षागृह का कार्य भी पूरा कर लिया गया है। इस भवन में स्थापित डॉ0 भीमराव आंबेडकर के जीवन संघर्षों पर आधारित संग्रहालय से पूरे देश के दलितों को उनके जीवन संघर्ष से प्रेरणा मिलेगी। इसके अलावा यहां स्थापित पुस्तकालय में युवा पीढ़ी बाबा साहेब के कृतित्व एवं व्यक्तित्व से परिचित हो सकेगी।

पर्यटन मंत्री ने कार्यदायी संस्था एवं संस्कृति विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि 15 जुलाई, 2026 की निर्धारित तिथि तक स्मारक को पूर्ण करने के लिए साप्ताहिक प्रगति की समीक्षा करे और कोई अवरोध आने पर उसका निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि भवन के आंतरिक एवं बाह्य साज-सज्जा का कार्य 31 मई, 2026 तक पूरा कर लें। उन्होंने कहा कि भीमराव आंबेडकर प्रतिमा के लिए फाउंडेशन, अंडरग्राउण्ड वाटर टैंक, पंप रूम, गार्ड रूम एवं अन्य स्थल विकास कार्य गुणवत्ता के साथ पूरा कर लिया जाए। इसके साथ ही उपलब्ध भूमि के अनुसार बाउण्ड्री वाल आंतरिक रोड तथा सीवर लाइन आदि का कार्य संपन्न करा लिया जाए।

जयवीर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री की अपेक्षा एवं मंशा के अनुरूप इस स्थल को भव्य रूप दिया जा रहा है। राजधानी में अनेक भव्य स्मारक एवं ऐतिहासिक भवन स्थित है। यह प्रेरणा स्थल उनकी श्रेणी में आ गया है। इस स्थल पर लखनऊ आने वाले पर्यटक एवं डॉ0 आंबेडकर में आस्था रखने वाले तमाम श्रद्धालुओं यहां भ्रमण करेंगे एवं यहां उनके संघर्षों, त्याग एवं देश के लिए किए गए योगदान का स्मरण करेंगे। डॉ0 लाल जी प्रसाद निर्मल ने इस निर्माणाधीन स्थल को अलौकिक बनाने के लिए बहुमूल्य सुझाव दिए। मुख्यमंत्री के सलाहाकार डॉ0 अवनीश अवस्थी ने कार्यदायी संस्था एवं संस्कृति विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट तौर से बताया कि कोई कमी या लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी क्योंकि यह मुख्यमंत्री का पसंदीदा स्मारक है। उन्होंने कहा कि यहां शोध केन्द्र स्थापित करने के लिए त्रिपक्षीय समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर कराया जाएगा।

इस अवसर पर विशेष सचिव संस्कृति संजय कुमार सिंह, अपर निदेशक संस्कृति डॉ0 सृष्टि धवन, कार्यदायी संस्था के प्रबंध निदेशक के अलावा संस्कृति विभाग के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Back to top button