मंडल रेल प्रबंधक के साथ आल इण्डिया एस.सी. / एस.टी. रेलवे इम्प्लॉइज एसोसियेशन की अनौपचारिक बैठक संपन्न

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, वाराणसी : मंडल रेल प्रबंधक, वाराणसी आशीष के साथ आल इण्डिया एस.सी./एस.टी. रेलवे इम्प्लॉइज एसोसियेशन की अनौपचारिक बैठक शुक्रवार 27 फरवरी, 2026 को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के भारतेंदु सभागार में आयोजित हुई। बैठक में अपर मंडल रेल प्रबंधक(इंफ्रास्ट्रक्चर) अजय सिंह, अपर मंडल रेल प्रबंधक(ऑपरेशन) अशोक कुमार वर्मा,वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव कुमार सिंह,प्रमुख मंडलीय रेल अधिकारी तथा आल इण्डिया एस.सी./एस.टी. रेलवे इम्प्लॉइज एसोसियेशन के पदाधिकारी उपस्थित थे।

बैठक को सम्बोधित करते हुए मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने कहा कि जैसा कि हम सभी को पता है कि किसी भी यूनियन या एसोसिएशन के साथ संवाद करने के दो महत्वपूर्ण पहलू हैं, पहला कर्मचारियों का कल्याण और दूसरा भारतीय रेलवे और उसके मंडलो की प्रगति, ये दोनों हो तो रेलवे अपने आप प्रगति करेगी। इसी क्रम में वाराणसी मंडल पर रेलवे कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं के निदान हेतु यूनियन एवं एसोसियेशन के साथ नियमित अन्तराल पर अनौपचारिक वार्ता हेतु तंत्र विकसित किया गया है। जिसके अंतर्गत ऑल इण्डिया एस.सी./एस.टी. रेलवे इम्प्लाइज एसोसियेशन के साथ मिल बैठकर रेल कर्मचारियों की न्यायोचित समस्याओं का प्रशासन एवं एसोसियेशन के पदाधिकारियों की आपसी सहमति से समाधान किया जाता है।

मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि संवैधानिक प्रावधानों के अनुसार, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के सरकारी कर्मचारियों के लिये पदोन्नति में आरक्षण की व्यवस्था की गई है। इसके लिये पदोन्नति के अलग-अलग रोस्टर जारी किये गये हैं। रोस्टर के प्रावधानों का एवं आरक्षण के नियमों का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जा रहा है। प्रशासन को ऑल इण्डिया एससी/एसटी रेलवे इम्प्लाइज एसोसियेशन का बराबर सहयोग मिलता रहा है।

उन्होंने कहा कि विशेष रूप से एससी/एसटी एसोसियेशन द्वारा प्राप्त पत्रों एवं परिवादों का निस्तारण त्वरित गति से किया जाना चाहिये एवं कृत कार्रवाई से उन्हें अवगत भी कराया जाना चाहिये। जैन ने आशा व्यक्त किया कि वाराणसी मंडल के विकास को गति देने हेतु सभी का सकारात्मक अपेक्षित सहयोग पूर्ववत मिलता रहेगा।

अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति एसोसियेशन के जोनल अध्यक्ष बच्चू लाल ने मंडल रेल प्रबंधक के सकारात्मक दृष्टिकोण के लिये आभार जताया तथा कर्मचारियों की समय से पदोन्नति की मांग की। मंडल महामंत्री अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति एसोसियेशन प्रमोद कुमार ने कर्मचारियों के ड्यूटी रोस्टर के अनुसार साप्ताहिक विश्राम,पदोन्नति, वरीयता एवं चयन में आरक्षण नियमों का अनुपालन किये जाने की मांग की। इसके अतिरिक्त एसोसियेशन के विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई तथा उनके समाधान का प्रयास किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Back to top button