$1 ट्रिलियन अर्थव्यवस्था लक्ष्य की दिशा में तेज़ी, मंत्री राकेश सचान ने उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में दिए निर्देश

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : खादी एवं ग्रामोद्योग, एमएसएमई तथा निर्यात प्रोत्साहन से जुड़े विभागों की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक मंत्री राकेश सचान की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें “Boosting Uttar Pradesh’s Economy to $1 Trillion” लक्ष्य की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में विनिर्माण क्षेत्र के सकल राज्य मूल्य वर्धन (जीएसवीए) में वृद्धि, एमएसएमई पारिस्थितिकी तंत्र की मजबूती तथा निर्यात प्रोत्साहन योजनाओं की प्रगति पर गहन विचार-विमर्श किया गया। अधिकारियों ने अवगत कराया कि प्रदेश में एमएसएमई क्षेत्र देश का दूसरा सबसे बड़ा इकोसिस्टम बन चुका है, जिसमें लगभग 86 लाख इकाइयां संचालित हैं और यह बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन में योगदान दे रहा है।

समीक्षा के दौरान मंत्री राकेश सचान ने निर्देश दिए कि विनिर्माण क्षेत्र की हिस्सेदारी बढ़ाने के लिए नई औद्योगिक इकाइयों के पंजीकरण में तेजी लाई जाए तथा वित्त वर्ष 2025-26 तक निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से प्राप्त किया जाए। उन्होंने निर्यात वृद्धि के सकारात्मक रुझान पर संतोष व्यक्त करते हुए इसे और गति देने के लिए निर्यातोन्मुख क्षेत्रों—विशेषकर चमड़ा, वस्त्र एवं परिधान—पर विशेष ध्यान देने को कहा।

बैठक में “प्लेज पार्क योजना” की प्रगति की समीक्षा करते हुए बताया गया कि अब तक 12 पार्कों को स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है, जबकि शेष प्रस्ताव प्रक्रियाधीन हैं। मंत्री ने निर्देशित किया कि लंबित प्रस्तावों को शीघ्र पूर्ण करते हुए निजी एमएसएमई पार्कों की स्थापना को गति दी जाए, जिससे औद्योगिकीकरण एवं रोजगार सृजन को बढ़ावा मिल सके।

मंत्री ने निर्देश दिए कि आगामी माह में प्रदेश स्तर पर लेदर एवं टेक्सटाइल आधारित कॉन्क्लेव का आयोजन किया जाए, जिससे निवेश आकर्षित करने, नवाचार को प्रोत्साहित करने एवं युवाओं के लिए नए रोजगार अवसर सृजित किए जा सकें। साथ ही, पूर्वी उत्तर प्रदेश में प्रस्तावित वस्त्र एवं परिधान पार्कों की स्थापना की दिशा में भी तेजी लाने को कहा गया।

बैठक में टीआरईडीएस प्लेटफॉर्म पर अधिकाधिक संस्थानों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि एमएसएमई इकाइयों को समयबद्ध भुगतान एवं वित्तीय सहायता उपलब्ध हो सके। इसके अतिरिक्त रॉ मटेरियल बैंक, पीएम मित्र पार्क तथा स्वरोजगार योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

मंत्री राकेश सचान ने कहा कि प्रदेश सरकार एमएसएमई क्षेत्र को सशक्त बनाकर रोजगार सृजन, निर्यात वृद्धि और औद्योगिक विकास के माध्यम से उत्तर प्रदेश को $1 ट्रिलियन अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य की दिशा में तेजी से कार्य कर रही है।

बैठक में अपर मुख्य सचिव श्री आलोक कुमार जी द्वारा वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े एवं बैठक में अन्य विभागीय अधिकारियों सहित शिशिर विशेष सचिव, रोहित आनंद अपर आयुक्त MSME , पवन अग्रवाल अपर आयुक्त, निर्यात प्रोत्साहन, अनिल कुमार संयुक्त आयुक्त उद्योग , लखनऊ मण्डल, शिवानी सिंह उपायुक्त उद्योग – CM YUVA तथा डेलॉयट संस्था के प्रतिनिधि, आर कार्तिक दुरई , तनवीर सिंह, मानस सिंह, तनवी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Back to top button