सिंगर कनिका के संपर्क में आने वाले 68 लोगों की जांच, नमूने लिये गए

लखनऊ, 21 मार्च। स्वास्थ्य महानिदेशालय की जारी बुलेटिन में बताया गया है कि  लखनऊ में मुम्बई से आई कोरोना पॉजिटिव कनिका कपूर के 68 संपर्कों को चिन्हित किया गया है। इन सभी की जांच के नमूने लिए जा रहे हैं। ये सभी बॉलीवुड की सिंगर कनिका कपूर के संपर्क में आने वाले लोग हैं।   

लखनऊ में चार लोगों में कोरोना वायरस की पुष्टि होने के बाद पूरे प्रदेश में वायरस से संक्रमित मरीजों की तादाद 23 हो गई है। इनमें आगरा और लखनऊ के आठ-आठ, नोएडा में चार, गाजियाबाद में दो और लखीमपुर में एक व्यक्ति में कोरोना वायरस पॉजिटिव पाया गया है।

हालांकि, इनमें से सफदरगंज अस्पताल, नई दिल्ली में भर्ती सात आगरा और एक गाजियाबाद के मरीज के ठीक होने का दावा किया गया है। इस तरह प्रदेश के विभिन्न जिलों के अस्पतालों में कोरोना वायरस के 53 संदिग्ध मरीजों को भर्ती किया गया है। 

लखनऊ के 4 पॉजिटिव पाए गए मामलों में एक तो मुंबई से आई महिला मरीज बॉलीवुड की सिंगर और लखनऊ निवासी कनिका कपूर हैं। लखनऊ के केजीएमयू के जिन डॉक्टर में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है, उनके खुर्रमनगर के निवास के निकट तीन अन्य संपर्क में  आने वालों में कोरोना पॉजिटिव पाया गया। ये सभी कोरोना वायरस संक्रमित केजीएमयू के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती हैं।          
स्वास्थ्य महानिदेशालय की ओर से यह भी बताया गया है कि शनिवार से कोरोना पॉजिटिव पाई गई कनिका कपूर के महानगर और डॉक्टर के खुर्रमनगर आवास स्थित एक किलोमीटर के क्षेत्र में रहने वाले लोगों की स्क्रीनिंग का काम शुरू होगा।

Related Articles

Back to top button