विकास दुबे के दो और साथी एनकाउंटर में ढेर

अशाेेेक यादव, लखनऊ। कानपुर शूटआउट के मुख्य आरोपी विकास दुबे के करीबी रणबीर शुक्ला और प्रभात मिश्रा को पुलिस ने एनकाउंटर में ढेर कर दिया है। प्रभात मिश्रा को पुलिस ने फरीदाबाद के होटल से गिरफ्तार किया था। बताया जा रहा है कि प्रभात पुलिस की कस्टडी से भाग रहा था। इसके बाद एनकाउंटर में प्रभात को मार गिराया गया।

इसके अलावा इटावा में विकास दुबे के करीबी रणबीर शुक्ला को मार गिराया गया है। पुलिस के मुताबिक, रणबीर शुक्ला ने देर रात महेवा के पास हाईवे पर स्विफ्ट डिजायर कार को लूटा था।उसके साथ तीन और बदमाश थे। पुलिस को लूट की जैसे ही खबर मिली, पुलिस ने चारों को सिविल लाइन थाने के काचुरा रोड पर घेर लिया।

पुलिस और रणबीर शुक्ला के बीच फायरिंग शुरू हो गई। इस फायरिंग के दौरान रणबीर शुक्ला को ढेर कर दिया गया। हालांकि, उसके तीनों साथी भागने में कामयाब रहे। इटावा पुलिस ने आस-पास के जिले को अलर्ट कर दिया है। रणबीर शुक्ला पर पुलिस ने 50 हजार का इनाम रखा था। वह भी कानपुर शूटआउट का एक आरोपी था।

वहीं, प्रभात मिश्रा के एनकाउंटर के बारे में बताते हुए आईजी मोहित अग्रवाल ने कहा कि पुलिस टीम प्रभात को लेकर फरीदाबाद से आ रही थी। रास्ते में गाड़ी पंचर हो गई। इस दौरान प्रभात ने पुलिस का हथियार छीनकर भागने की कोशिश की। इसके बाद हुए एनकाउंटर में प्रभात मारा गया है। कुछ सिपाही घायल हुए हैं।

Related Articles

Back to top button