वाराणसी में वांछित को गिरफ्तार करने पहुंची MP पुलिस पर हमला, सिपाही का सिर फटा, इंस्पेक्टर भी घायल

अशाेक यादव, लखनऊ। मध्य प्रदेश के सिंगरौली में दर्ज मुकदमे के वांछित को पकड़ने के लिए वाराणसी आई पुलिस टीम पर बुधवार को हमला कर दिया गया। हमलावर गिरफ्तार आरोपी को छुड़ा ले गए। हमले में इंस्पेक्टर और आरक्षी घायल हुआ हैं। मध्य प्रदेश पुलिस की सूचना पर शिवपुर थानाध्यक्ष नागेश कुमार सिंह ने वांछित आरोपी सहित पांच लोगों को पकड़ा है।

 मध्य प्रदेश पुलिस के घायल आरक्षी दयानंद सिंह ने बताया कि सिंगरौली थाने में प्राइवेट कंपनियों में नौकरी दिलाने के नाम पर पैसा वसूली के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया था। मुकदमे में वांछित महेश नगर कॉलोनी शिवपुर निवासी रमेश सिंह को गिरफ्तार करने के लिए उनकी टीम आई थी।

शिवपुर थाने की पुलिस की मदद से वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया और थाने लाकर उसे सिंगरौली ले जाने लगे। शिवपुर थाने से लगभग सौ मीटर की दूरी पर छह की संख्या में आए रमेश सिंह के परिजनों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। 

 हमले में इंस्पेक्टर और दयानंद को चोट लगी है। बताया जाता है कि हेड कांस्टेबल दयानंद का सिर फट गया है। परिजन मारपीट कर रमेश सिंह को छुड़ा ले गए। घटना की जानकारी तत्काल शिवपुर थानाध्यक्ष को दी गई। सीओ कैंट अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि तत्परता दिखाते हुए शिवपुर थाने की पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। इसमें वांछित रमेश सिंह भी है।

Related Articles

Back to top button