लखनऊ: आज होगा राष्ट्रपति उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू का आगमन, लोकभवन में चुनाव को लेकर होगी बैठक

अशाेक यादव, लखनऊ। राष्ट्रपति पद के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू अपने प्रचार अभियान के लिए आज यानि शुक्रवार को लखनऊ आएंगी। वह 2 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचेंगी। एयरपोर्ट पर उनका स्वागत करने के लिए सीएम योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम बृजेश पाठक, केशव प्रसाद मौर्या, अपना दल (एस) के नेता व कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल व निषाद पार्टी के नेता व मंत्री डॉ. संजय निषाद सहित अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।

यहां उनके ठहरने की व्यवस्था बटलर पैलेस कालोनी स्थित नैमिषारण्य गेस्ट हाऊस की गई है। सीएम योगी के मीडिया सलाहकार मृत्युंजय कुमार के मुताबिक मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित रात्रिभोज में द्रौपदी मुर्मू की उपस्थिति में भाजपा और अन्य राजनीतिक दलों के नेता मौजूद रहेंगे।

लखनऊ प्रवास के दौरान द्रौपदी मुर्मू राजग के घटक दलों के वरिष्ठ नेताओं, सांसदों व विधायकों के साथ ही विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं से समर्थन के लिए सम्पर्क और संवाद करेंगी।

इसके बाद द्रौपदी मुर्मू राजग उम्मीदवार के रूप में भाजपा, अपना दल (एस), निर्बल भारतीय शोषित हमारा आम दल (निषाद पार्टी) के सांसदों व विधायकों के साथ शाम 6 बजे लोकभवन में आयोजित बैठक में राष्ट्रपति पद के प्रत्याशी के रूप में समर्थन के लिए सम्पर्क करेंगी। जहां राष्ट्रपति चुनाव को लेकर चर्चा होगी।

Related Articles

Back to top button