मौसम ने अचानक करवट ली, अगले 36 घंटों में तेज बारिश की संभावना

लखनऊ।  उत्तर प्रदेश में एक बार फिर से मौसम ने अचानक करवट ली है। बुधवार को भी बारिश होने की संभावना है। मौसम ठंडा बना हुआ है। आकाश में रह रह कर बादल घुमड़ रहे हैं। राजधानी लखनऊ में पांच बजे सुबह का तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। आगामी 36 घंटों में प्रदेश में तेज हवाओं, ओलावृष्टि और भारी बारिश होने की संभावना है।

सोमवार रात करीब 9 बजे प्रदेेश के कई इलाकों में जमकर बारिश हुई। तमाम जगह पर ओले गिरे। हवाएं तेज थी। तापमान में काफी गिरावट आई। पूरे दिन मौसम ठंडा बना रहा। धूप केे बावजूद प्रदेश के कई जिलों में ठंड का यह आलम था कि सर्दी से लोग कंपकपा रहे थे।

भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक अगले 36 घंटों के दौरान उत्‍तर प्रदेश सहित देश के कई राज्‍यों में तेज बारिश की आशंका है। बारिश के साथ ही कहीं कहीं ओले भी गिर सकते हैं तो कहीं बिजली भी चमक सकती है। बारिश का यह दौर 28 और 29 फरवरी तक जारी रहेगा। चक्रवाती घेरा पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर 0 प्वाइंट 9 किलोमीटर पर अभी मौजूद है।

पहाड़ों में बर्फ पिघलने और सर्द हवाएं चलने से मैदानों में सुबह-शाम ठिठुरन बनी हुई है। पश्चिमी विक्षोभ के पश्चिमी उत्तर प्रदेश पहुंचने से उत्तराखंड में बारिश के आसार बने हुए हैं। उत्तर प्रदेश में बारिश का यह दौर 26 फरवरी के बाद बढ़ सकता है। 28, 29 फरवरी और 1 मार्च के बीच बारिश हो सकती है। इससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।

Related Articles

Back to top button