मूक बधिर ओलंपिक में धनुष श्रीकांत ने जीता स्वर्ण, शौर्य सैनी को कांस्य

नई दिल्ली। धनुष श्रीकांत ने ब्राजील के कैक्सियास डो सुल में चल रहे 24वें मूक बधिर ओलंपिक के तीसरे दिन पुरुष 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर भारतीय अभियान की स्वर्णिम शुरुआत की। शौर्य सैनी ने बुधवार को आठ पुरूषों के फाइनल में कोरिया के किम वू रिम से पिछड़कर कांस्य पदक अपने नाम किया।

धनुष ने 247.5 अंक का स्कोर बनाया जो फाइनल्स में विश्व रिकॉर्ड स्कोर रहा। किम 246.6 अंक से दूसरे और शौर्य 224.3 अंक से तीसरे स्थान पर रहे। इसके बाद भारतीय बैडमिंटन टीम ने फाइनल में जापान को 3-1 से हराकर स्वर्ण पदक जीता जिससे देश का जश्न दोगुना हो गया।

भारत इस समय अंक तालिका में दो स्वर्ण और एक कांस्य पदक जीतकर आठवें स्थान पर है। यूक्रेन 19 स्वर्ण, छह रजत और 13 कांस्य पदक जीतकर तालिका में इस समय शीर्ष पर चल रहा है। क्वालीफिकेशन में धनुष दूसरे और शौर्य तीसरे स्थान पर थे।

Related Articles

Back to top button