मस्जिद में नमाज के दौरान चाकू से हमला; एक बुजुर्ग घायल, आरोपी गिरफ्तार

लंदन।

सेंट्रल लंदन की रीजेंट्स पार्क मस्जिद में गुरुवार दोपहर चाकू से हमला हुआ। इसमें एक 70 साल के बुजुर्ग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। घायल बुजुर्ग को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी स्थिति बेहतर है। हमलावर की पहचान नहीं हो पाई है। घटना की जांच की जा रही है।

गवाहों के मुताबिक, हमलावर ने मुअज्जीन (अजान पढ़ने वाले) पर चाकू से तब हमला किया, जब वे अजान पढ़ रहे थे। हमलावर उनके पीछे ही खड़ा था। उसने उनकी गर्दन पर चाकू से हमला किया। पुलिस ने कहा- हत्या की कोशिश के आरोप में 29 साल के युवक को गिरफ्तार कर सेंट्रल लंदन पुलिस स्टेशन लाया गया है। हालांकि, पुलिस इसे आतंकी घटना नहीं मान रही है।

हमले का कारण पता नहीं चल पाया है: पुलिस

दुर्घटनास्थल से मिले फुटेज में कुर्सी के नीचे एक चाकू नजर आ रहा है। गिरफ्तार किया गया युवक रेड हूडी पहने नजर आ रहा है। हमले के पीछे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। गवाहों के मुताबिक, घटना के समय मस्जिद में लगभग 100 लोग थे। चाकू से हमला के बाद लोगों ने हमलावर को जमीन पर पटक दिया और पुलिस के आने तक पकड़े रहे। कुछ लोगों ने बताया कि वह पिछले कई दिनों से मस्जिद आ रहा था।

प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने कहा- इस घटना से बेहद दुखी हूं। प्रार्थनास्थल पर ऐसे अपराध को अंजाम दिया गया। यह चिंताजनक है। घायल और प्रभावित लोगों के साथ मेरी संवेदनाएं हैं।

 

Related Articles

Back to top button