Breaking News

भाजपा ने लहराया जीत का परचम, शर्मा गुट का किला ढहा

यूपी एमएलसी चुनाव 2020 में भाजपा की जीत का परचम लहरा रहा है। विधानपरिषद में अपनी ताकत बढ़ाकर बहुमत हासिल करने के लिए बनाई भाजपा की रणनीति रंग लाई है। लखनऊ, बरेली और मेरठ शिक्षक खंड सीट पर भाजपा के उम्‍मीदवार चुनाव जीत गए हैं।

भाजपा ने न सिर्फ अपनी मुख्‍य प्रतिद्वंदी सपा और कांग्रेस को पटखनी दे दी है बल्कि मेरठ सीट पर 45 साल से काबिज शर्मा गुट के नेता ओमप्रकाश शर्मा का किला भी फतह कर लिया है। वाराणसी में समाजवादी पार्टी के लाल बिहारी यादव तो गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक एमएलसी सीट पर शर्मा गुट के ध्रुव कुमार त्रिपाठी की जीत हुई है। 

शर्मा गुट को इस चुनाव में सबसे बड़ा धक्‍का मेरठ में लगा है। वहां भाजपा प्रत्‍याशी श्रीचंद शर्मा निर्णायक बढ़त बना चुके हैं। उन्होंने 48 साल का रिकार्ड तोड़ दिया है। उन्होंने आठ बार से एमएलसी रहे ओमप्रकाश शर्मा को प्रथम वरीयता के मतों में 4184 से हरा दिया है।

हालांकि अभी द्वितीय वरीयता के मतों की गिनती बाकी है। वहीं स्नातक सीट पर भी भाजपा के दिनेश कुमार गोयल आगे चल रहे हैं। स्नातक सीट पर मतों की गिनती का काम करीब दो दिन में पूर्ण हो पाएगा। हालांकि किसी सीट की आधिकारिक घोषणा फिलहाल नहीं हुई है। 

बरेली, लखनऊ, मेरठ में जीत

विधान परिषद की बरेली-मुरादाबाद, मुरादाबाद, लखनऊ व मेरठ शिक्षक खंड सीट पर भाजपा के प्रत्याशी विजयी हुए हैं। विधान परिषद की लखनऊ खंड शिक्षक नि‍र्वाचन क्षेत्र से 11 वीं गणना के बाद भाजपा प्रत्याशी उमेश विजयी हुए। बरेली-मुरादाबाद खण्ड निर्वाचन क्षेत्र सीट पर भाजपा प्रत्याशी हरि सिंह ढिल्लों चुनाव जीत गये हैं।

उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सपा प्रत्याशी संजय मिश्र को 4864 मतों के अंतर से हराया। श्री ढिल्लों को प्रथम वरीयता के 12827 वोट मिले जबकि सपा प्रत्याशी संजय मिश्र को 4864 मत प्राप्त हुए। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने रात पौने दस बजे इस परिणाम की पुष्टि की।

वहीं मेरठ शिक्षक सीट पर 48 साल का रिकॉर्ड तोड़ते हुए भाजपा प्रत्याशी श्रीचंद शर्मा चुनाव जीते। भाजपा के श्रीचंद शर्मा को प्रथम वरीयता में 4184 वोटों की निर्णायक बढ़त मिली। इलाहाबाद-झांसी खण्ड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की सीट पर मतगणना के दूसरे चक्र में भाजपा के यज्ञदत्त शर्मा 707 वोट के अंतर से आगे चल रहे थे जबकि सपा के डॉ. मान सिंह को 1779 मत मिले।

वाराणसी में शिक्षण खण्ड निर्वाचन क्षेत्र की सीट पर सपा के लाल बिहारी यादव करीब 600 मतों के अंतर से आगे चल रहे थे। सपा के लाल बिहारी यादव को खबर लिखे जाने तक 5853 मत मिले थे जबकि निर्दलीय प्रमोद मिश्र को 5232 वोट हासिल हुए थे। भाजपा समर्थित चेतनारायण सिंह तीसरे नम्बर पर थे, उन्हें 4023 मत प्राप्त हुए थे।

आगरा मेंं निर्दलीय आगे

आगरा खंड स्नातक सीट पर निर्दलीय प्रत्याशी आगे है। वहीं सपा प्रत्याशी दूसरे नंबर पर है। भाजपा प्रत्याशी तीसरे नंबर पर चल रहे हैं। तीन चक्रों की मतगणना के बाद निर्दलीय हरिकिशोर तिवारी इटावा वाले 11885 मत लेकर पहले स्थान पर हैं।

सपा प्रत्याशी असीम यादव 11376 मत लेकर दूसरे और भाजपा प्रत्याशी डॉ. मानवेंद्र सिंह 10144 मत लेकर तीसरे नंबर पर खिसक गए हैं। पहले चक्र में भाजपा प्रत्यासी दूसरे नंबर पर थे, लेकिन दूसरे चक्र में निर्दलीय प्रत्याशी ज्यादा मत लेकर उनसे एक पायदान ऊपर आ गए।  तक41994 मतों की गणना हो चुकी है। अभी 72 हजार मतों की गणना होनी बाकी है।

गोरखपुर में ध्रुव त्रिपाठी की जीत

गोरखपुर-फैजाबाद क्षेत्र से शर्मा गुट के ध्रुव कुमार त्रिपाठी ने 1008 वोटों से अपने निकटतम प्रतिद्वंदी अजय सिंह को हरा दिया है। उन्‍हें कुल 10227 मत मिले जबकि अजय सिंह को 9219 मत प्राप्‍त हुए। ध्रुव त्रिपाठी की जीत दूसरी वरीयता के मतों से हुई। इस सीट पर भाजपा ने अपना प्रत्‍याशी नहीं खड़ा किया था। 

पुरानी पेंशन लागू करने की मांग को लेकर चुनाव लड़ने वाले निर्दल प्रत्याशी राजीव यादव ने 4529 मत हासिल करते हुए तीसरा स्थान प्राप्त किया है। चौथे स्थान पर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी अवधेश कुमार यादव रहे, उन्हें 2667 वोट मिले।

वाराणसी में सपा जीती

वाराणसी एमएलसी शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की 11 वें दौर की मतगणना के बाद, अंतिम दौड़ में सपा के लाल बिहारी यादव व डॉ प्रमोद कुमार मिश्र रह गए। लाल बिहारी यादव को 7248 व डॉ प्रमोद कुमार मिश्र 6830 मत मिल चुके हैं। 12 वें राउंड की गिनती चल रही है और इसमें डॉ.प्रमोद कुमार मिश्रा को हटा दिया गया है।

उनके वोट या तो स्थानांतरित हो जाएंगे या समाप्त हो जाएंगे। इसलिए लाल बिहारी यादव अब अंतिम उम्मीदवार हैं। उन्हें 12वें राउंड के पूरा होने और चुनाव आयोग द्वारा परिणाम घोषित करने की अनुमति के बाद ही औपचारिक रूप से विजयी घोषित किया जाएगा।

Loading...

Check Also

पूर्वोत्तर रेलवे : राजभाषा पखवाड़ा का समापन समारोह, पुरुस्कार वितरण एवं कवि सम्मलेन का आयोजन

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, वाराणसी : मंडल रेल प्रबन्धक विनीत कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में ...