बुलंदशहर में दो साधुओं की बेरहमी से हत्या पर उत्तर प्रदेश सरकार से निष्पक्ष जांच करके सच सामने लाने की मांग: प्रियंका गांधी

अशाेेेक यादव, लखनऊ।

बुलंदशहर में दो साधुओं की हत्या पर प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश सरकार से निष्पक्ष जांच करके सच सामने लाने की मांग की।

प्रियंका ने कहा कि यह समय राजनीति करने का नहीं है।  

कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मंगलवार को ट्वीट कर कहा है कि पहले 15 दिनों में ही उप्र में सौ लोगों की हत्या हो गई।

तीन दिन पहले एटा में पचौरी परिवार के 5 लोगों के शव संदिग्ध परिस्थितियों में पाए गए।

कोई नहीं जानता उनके साथ क्या हुआ।

आज बुलंदशहर में एक मंदिर में सो रहे दो साधुओं को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया गया।

ऐसे जघन्य अपराधों की गहराई से जांच होनी चाहिए और इस समय किसी को भी इस मामले का राजनीतिकरण नहीं करना चाहिए।

 निष्पक्ष जांच करके पूरा सच प्रदेश के समक्ष लाना चाहिए। यह सरकार की ज़िम्मेदारी है।

आपको बता दें कि बुलंदशहर के अनूपशहर कोतवाली के गांव पगोना में स्थित शिव मंदिर पर पिछले करीब 10 वर्षों से साधु जगनदास और सेवादास रहते थे।

दोनों साधु मंदिर में रहकर पूजा करते थे।

सोमवार की देर रात मंदिर परिसर में ही दोनों साधुओं की धारदार हथियारों से प्रहार कर हत्या कर दी गई।

मंगलवार सुबह जब ग्रामीण मंदिर में पहुंचे तो उन्हें साधुओं के खून से लथपथ शव पड़े मिले।

जानकारी पुलिस को दी जिसके तुरंत बाद अधिकारी मौके पर पहुंच गए।

ग्रामीणों ने एक युवक पर शक जताया था। पुलिस उसकी तलाश में थी।

उसे  दो किलोमीटर दूर दूसरे गांव से अर्द्धनग्न अवस्था में गिरफ्तार कर लिया है।

Related Articles

Back to top button