पांच साल का हिसाब नहीं, सौ दिन का ढिंढोरा पीट रही भाजपा: अखिलेश यादव

अशाेक यादव, लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रदेश सरकार के मंत्रियों द्वारा पेश किये जा रही 100 दिन की उपलब्धियों पर कटाक्ष करते हुए कहा है कि सरकार ने जनता को अपने पांच साल का हिसाब दिया नहीं अब सौ दिन का ढिंढोरा पीट रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की गलत आर्थिक नीतियों ने प्रदेश और देश में संकट पैदा किया है। महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार ने लोगों को तबाह कर दिया है। गरीब, किसान, नौजवान आत्महत्या करने पर विवश है।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि पिछले दिनों भ्रष्टाचार के चलते झांसी में एक किसान ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया था, अब कर्ज के बोझ से दबे ललितपुर के किसान ने जहर खाकर जान दे दी। इसी तरह आगरा में महंगाई, बेरोजगारी से त्रस्त एक परिवार के तीन लोगों ने आत्महत्या कर ली। उत्तर प्रदेश में लगातार इस तरह की घटनाएं बढ़ रही है। भाजपा सरकार का डबल इंजन लोगों को रौंद रहा है।अखिलेश ने कहा कि भाजपा सरकार नौजवानों और युवाओं को नौकरी, रोजगार देने के झूठे दावे कर रही है। सरकार के सारे दावे झूठे, कागजी और जनता को गुमराह करने वाले हैं।

भाजपा ने पिछले पांच साल में समाज में नफरत फैलाने के अलावा कोई काम नहीं किया। प्रदेश की ध्वस्त कानून व्यवस्था, कुशासन और भ्रष्टाचार को छिपाने के लिए सौ दिन की उपलब्धियों का झूठा प्रचार शुरू किया है। जबकि इस सरकार ने सौ दिन में किसानों, नौजवानों, छात्रों, महिलाओं से किया कोई वादा पूरा नहीं किया। बस इसने सत्ता और प्रशासनिक मशीनरी का दुरुपयोग कर लोकतंत्र और संविधान को रौंदा है। विकास को रोका और स्वास्थ्य सेवाओं को बर्बाद कर दिया है।

Related Articles

Back to top button