धर्म और जाति के नाम पर ध्रुवीकरण होने से देश में जगह-जगह हो रहा तनाव- गहलोत

496976306

बाड़मेर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने देश में करौली जैसी घटनाओं के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की नीतियों को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा है कि धर्म और जाति के नाम पर ध्रुवीकरण होने से देश में जगह जगह तनाव हो रहा है। गहलोत ने आज यहां मीडिया से बातचीत में यह बात कही।

उन्होंने कहा कि राजग सरकार आने के बाद देश में तनाव का माहौल बन गया है। प्रधानमंत्री को अपील करनी चाहिए कि जाति और धर्म के नाम पर जगह जगह ध्रुवीकरण हो रहा है। वह उचित नहीं है और देश हित में नहीं हैं। उन्होंने कहा कि इसी कारण देश में जगह जगह तनाव हो रहा है और दुर्भाग्य से करौली की घटना सामने है। उन्होंने कहा कि छोटी सी बात को लेकर झगड़ा होने पर उस विवाद को भी जाति-धर्म से जोड़कर मुद्दा बना लिया जाता है।

सात ही कहा कि मेरा मानना है कि जिस प्रदेश में शांति भाईचारा, सद्भाव रहता है, वहीं विकास का माहौल बनता है। आज महंगाई, बेरोजगारी बड़ी चुनौतियां हैं, युवाओं में छटपटाहट है। मुख्यमंत्री ने कहा कि करौली में जिस तरह की घटना हुई है, उन्होंने सुबह ही पुलिस महानिदेशक से बात की है और उनसे कहा है कि जिन्होंने भी यह हरकत की है। इसके पीछे कौन ताकतें थीं उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। चाहे वे कोई कौम और धर्म के लोग हों,उन्हें यह संदेश जाना चाहिए कि राजस्थान में कानून का शासन है। वह कायम रहेगा।

सीएम गहलोत ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यानाथ को भी आड़े हाथों लेते हुए कहा कि केवल पर्सेप्शन पैदा करके राजनीति करते हैं। जैसे अभी चुनाव पर किया गया। वहां पर बुलडोजर ही चुनाव चिह्न ही बना लिया गया। उन्होंने कहा कि फेक एनकाउंटर हुए। उसे ही इस रूप में बता दिया गया जैसे वहां के मुख्यमंत्री ने बहुत बड़ा एक्शन लिया हो। फेक एनकाउंटर करना बहुत आसान है, लेकिन कानून का शासन होगा तभी देश चलेगा और न्याय मिलेगा। उन्होंने कहा कि फेक एनकाउंटर में तो निर्दोष लोग भी मर सकते हैं। कानून का शासन स्थपित रहेगा तभी देश चलेगा।

Related Articles

Back to top button