जम्मू कश्मीर: बारामूला के सोपोर में बड़ा आतंकी हमला, सीआरपीएफ के 3 जवान शहीद

अशोक यादव, लखनऊ। जम्मू कश्मीर के बारामूला जिले के सोपोर में शनिवार की शाम बड़ा आतंकी हमला हुआ है।

घात लगाकर काफिले पर किए गए इस हमले में अर्धसैनिक बलों के 3 जवान शहीद व 2 घायल हुए हैं। 

यह हमला केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल और पुलिसकर्मियों के संयुक्त दल पर किया गया।

इस हमले के बाद सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को घेर लिया है और तलाशी अभियान चल रहा है। 

कल रात से आज तक में यह दूसरा आतंकी हमला है।

एक दिन पहले, शुक्रवार को जम्मू कश्मीर के पुलवामा जिले के नीवा इलाके में सीआरपीएफ की टुकड़ी पर आतंकी हमला किया गया।

इस हमले में गोली लगने की वजह से एक जवान घायल हो गया।

हमले को लेकर सीआरपीएफ ने बताया कि आतंकियों ने नेवा में सीआरपीएफ की बी/183 बटालियन के जवानों पर गोलीबारी की।

हमले में एक जवान को गोली लगी। सीआरपीएफ ने बताया कि हमले के बाद इलाके को सील कर सर्च अभियान शुरू किया गया।

जम्मू कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में इस हफ्ते एक विशेष पुलिस अधिकारी की हत्या और उनके एक साथी को गंभीर रुप से घायल करने वाले दो आतंकवादियों को शुक्रवार को हुई मुठभेड़ में मार गिराया गया।

जम्मू के पुलिस महानिरीक्षक ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच हुई गोलीबारी में दोनों आतंकवादियों को ढेर कर दिया गया। 

Related Articles

Back to top button