कोरोना वायरस: दुनियाभर में अब तक 11 हजार से अधिक मौतें, पूरे ब्रिटेन में लॉकडाउन

लखनऊ, 21 मार्च। चीन से फैले कोरोना वायरस ने पूरी दुनियाभर के करोड़ों लोगों को अपने घरों में रहने को मजबूर कर दिया है। महामारी से अब तक करीब 11 हजार से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, कुल मामलों की संख्या बढ़कर 2,65,867 से अधिक हो गई है। 

महामारी से लड़ने के लिए ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने पूरे ब्रिटेन में देशव्यापी बंद (लॉकडाउन) के आदेश दिए हैं। इस दौरान कर्मचारियों का 80 फीसदी वेतन करीब 2.20 लाख प्रतिमाह तक सरकार वहन करेगी।

लंदन में एक व्यक्ति को सेल्फ क्वारंटाइन न करने पर गिरफ्तार कर उस पर करीब आठ लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। फ्रांस, इटली, स्पेन और अन्य यूरोपीय देशों में नियमों का उल्लंघन करने पर जुर्माना भरना पड़ रहा है।  

वहीं, अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य ने भी बड़ा कदम उठाते हुए लोगों से किसी भी हाल में अपने घर में ही रहने को कहा है। अमेरिका ने आर्थिक मोर्चे की दिक्कतों को दूर करने के लिए एक हजार अरब के आपातकालीन राहत पैकेज का वादा किया है।

जर्मनी के सबसे बडे राज्य बायर्न ने शुक्रवार को देश में सबसे पहले दो हफ्तों के लिए बाहर निकलने के तहत ‘मौलिक प्रतिबंधों’ का आदेश जारी किया। पाकिस्तान में तीसरी मौत के बाद प्रधानमंत्री इमरान खान ने शुक्रवार को जनता से कम से कम 45 दिनों के लिए खुद को पृथक रखने की अपील की।

Related Articles

Back to top button