गोण्डा में सपा नेताओं की हत्या के लिए सत्ता पक्ष को ठहराया जिम्मेदार: अखिलेश यादव

अशोक यादव, लखनऊ। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गोंडा में हुए दोहरे हत्याकांड पर चिंता व्यक्त करते हुए हमलावरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

उन्होंने समाजवादी पार्टी नेता विजय सिंह टिंटू के भाई पूर्व प्रधान देवेन्द्र प्रताप सिंह व कन्हैया पाठक की हत्या पर गहरा दुःख जताया है। अखिलेश ने गम्भीर रूप से घायल विजय सिंह टिंटू के समुचित उपचार की व्यवस्था किए जाने के लिए कहा है।

अखिलेश यादव ने कहा कि आपदा के आपातकाल में जब सपा कार्यकर्ता गांव, शहर में प्रशासन का सहयोग कर लोगों की मदद कर रहे हैं तब सत्ता संरक्षित अपराधियों द्वारा समाजवादी पार्टी के नेताओं को शिकार बनाया जा रहा है।

बता दें कि शुक्रवार को उमरीबेगमगंज थाना क्षेत्र में मनरेगा मजदूरों के भुगतान को लेकर कुछ विवाद हो गया। इसी बीच वहां कुछ लोगों ने गोली बारी शुरू कर दी।

जिसमें समला देवी स्मारक इंटर काॅलेज के प्रबंधक व सपा नेता देवेन्द्र प्रताप सिंह उर्फ लाठी सिंह व कन्हैया पाठक की गोली लगने से मौत हो गयी।

Related Articles

Back to top button