कोरोना वायरस से बचाव को गौतम गंभीर ने LNJP अस्पताल में भेजीं 1000 PPE किट

अशोक यादव, लखनऊ। पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से भाजपा सांसद गौतम गंभीर ने शुक्रवार को कहा कि उनका एनजीओ दिल्ली के लोक नायक जय प्रकाश अस्पताल में 1000 व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (पीपीई) किट भेज रहा है।

उन्होंने कहा कि यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में बनाए गए शेल्टर होम में भी पूर्ण स्वच्छता बनाकर रखी जा रही है। यहां भी और अधिक लोगों के कोविड-19 टेस्ट किए जाने चाहिए। 

गौतम गंभीर ने कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जी ने हमसे 1000 पीपीई किट की मांग की थी, हम अपनी फाउंडेशन से 1000 कीट LNJP अस्पताल में भेज रहे हैं।

अगर उनको 1000 किट और चाहिए तो वो भी हम उनको देंगे। हम अपने संसदीय क्षेत्र में लोगों को राशन उपलब्ध कराने के लिए भी काम कर रहे हैं।

दिल्ली में गुरुवार को कोरोना वायरस के कारण 3 लोगों की मौत हो गई और संक्रमण के 51 नए मामलों की पुष्टि हुई जिसके साथ संक्रमित लोगों की संख्या 720 पर पहुंच गई।

दिल्ली सरकार के अधिकारियों ने बताया कि संक्रमित लोगों में से 430 लोग निजामुद्दीन मरकज में हुए तबलीगी जमात के कार्यक्रम में शामिल हुए थे।

बुधवार रात तक शहर में संक्रमितों की संख्या 669 और मृतकों की संख्या नौ थी। गुरुवार को तीन संक्रमित व्यक्तियों की मौत हो गई, जिसके साथ मृतक आंकड़ा 12 हो गया।

अधिकारियों ने बताया कि 25 लोगों को ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई और एक व्यक्ति देश से बाहर चला गया। 

Related Articles

Back to top button