कोरोना लॉकडाउन संकट में महाराष्ट्र सरकार राज्य में पंजीकृत 12 लाख निर्माण श्रमिकों को देगी 2000 रुपए की सहायता

अशोक यादव, लखनऊ। कोरोना वायरस संकट से उबरने के लिए महाराष्ट्र सरकार ने राज्य में पंजीकृत 12 लाख निर्माण श्रमिकों को 2000 रुपए की सहायता राशि देने का ऐलान किया है।

राज्य के श्रम मंत्री दिलीप वालसे पाटिल ने यह जानकारी दी। ये राशि सीधे उनके खाते में ट्रांसफर की जाएगी।

बता दें कि महाराष्ट्र में कोरोना वायरस से संक्रमण के शुक्रवार को 118 नए मामले आने के साथ ही राज्य में अभी तक 3,320 लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है।

वहीं, मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने आज कहा कि 20 अप्रैल से कुछ औद्योगिक और व्यावसायिक गतिविधियां शुरू होंगी लेकिन यह कोरोना वायरस रोकथाम/उन्मूलन के लिए तय नियमों के पालन के आधार पर होगा।

स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने आज बताया कि शुक्रवार को राज्य में सात लोगों की संक्रमण से मौत हुई हैं अभी तक कुल 201 लोगों की मौत संक्रमण के कारण हुई है।

राज्य में अभी तक संक्रमण के 3,320 मामलों की पुष्टि हुई है जिनमें से 2,085 मामले मुंबई के हैं। वहीं कुल 201 मौतों में से 122 लोगों की मौत अकेले मुंबई शहर में हुई है। राज्य में 330 निषिद्ध क्षेत्र हैं और 5,850 सर्वे दलों ने 20 लाख से ज्यादा लोगों की जांच की है।

Related Articles

Back to top button