इटावा जिला जेल में शार्प शूटर मोनू पहाड़ी की कैदियों के वर्चस्व को लेकर हुए संघर्ष में मौत

अशोक यादव, लखनऊ। उत्तर प्रदेश के इटावा जिला जेल में वर्चस्व को लेकर बुधवार रात हुए संघर्ष में घायल कानपुर के शार्प शूटर मोनू पहाड़ी  की गुरुवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। हमले में घायल आगरा के शातिर अपराधी की भी हालत गंभीर बताई जा रही है।

बुधवार को बैरक में ले जाने के दौरान कैदियों के दो गुट भिड़ गए थे। बीच बचाव के लिए पहुंचे जेल कर्मियों पर भी कैदियों ने हमला बोल दिया। घटना में डिप्टी जेलर, बंदी रक्षकों के अलावा कई कैदी घायल हो गए थे।

घायलों को जेल अस्पताल भेजा गया था। आगरा जेल से लाए गए शातिर अपराधी मुन्ना खालिद और कानपुर जेल से आए शार्प शूटर मोनू पहाड़ी के बीच बुधवार शाम वर्चस्व को लेकर टकराव हो गया।

स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए जेल प्रशासन को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा था, जिसमें कई कैदी घायल हो गए थे। घायलों का जेल अस्पताल में इलाज किया जा रहा था। मोनू पहाड़ी की स्थिति गंभीर होने पर देर रात उसे जिला अस्पताल भेजा गया।

गुरुवार सुबह डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूत्रों के अनुसार इससे पहले मोनू पहाड़ी कानपुर जेल में बंद था, जिसे मारपीट के आरोप में कानपुर से इटावा जेल स्थानांतरित किया गया था।

Related Articles

Back to top button