‘आप’ विधायक कुलतार सिंह संधवां बने पंजाब विधानसभा के अध्यक्ष

चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी के दो बार के विधायक कुलतार सिंह संधवां को सोमवार को सर्वसम्मति से 16वीं पंजाब विधानसभा का अध्यक्ष चुना गया। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोमवार को सदन में संधवां के नाम का प्रस्ताव रखा था। मान ने संधवां को विधानसभा का अध्यक्ष चुने जाने पर बधाई भी दी। उन्होंने अध्यक्ष से सदन की कार्यवाही के सीधे प्रसारण की अनुमति देने का आग्रह भी किया।

विपक्षी विधायकों में कांग्रेस विधायक तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा, शिरोमणि अकाली दल के विधायक मनप्रीत सिंह अयाली, भारतीय जनता पार्टी के विधायक अश्विनी शर्मा, कांग्रेस विधायक प्रताप सिंह बाजवा और सुखपाल सिंह खैरा ने भी संधवां को बधाई दी। विपक्षी सदस्यों ने उम्मीद जतायी कि अध्यक्ष उन्हें सदन में सार्वजनिक मुद्दों को उठाने का समान अवसर देंगे।

संधवां ने पंजाब विधानसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार अजयपाल सिंह संधू को 21,130 मतों के अंतर से हराकर कोटकपुरा विधानसभा सीट से जीत हासिल की थी। वह पूर्व राष्ट्रपति ज्ञानी ज़ैल सिंह के पोते हैं। संधवां ने पूर्व अध्यक्ष राणा के. पी. सिंह की जगह ली है। संधवां ‘आप’ की किसान शाखा के अध्यक्ष हैं और खेती से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button