अखिलेश का भाजपा पर वार, बोले-हक की लड़ाई लड़ने वाले किसानों को बदनाम करने की साजिश

अशाेक यादव, लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि देश में खेती को कारपोरेट घरानों को सौंपने की साजिश के खिलाफ चल रहे किसान आंदोन में सिख समाज की अहम भूमिका है। बिहार व प्रदेश के पूर्वांचल के किसान बहुत गरीब हैं। भाजपा सरकार के दावों के बावजूद किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य नहीं मिला है।

अखिलेश यादव शनिवार को पार्टी मुख्यालय सिख समाज द्वारा गुरु तेग बहादुर के शहीदी दिवस पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अन्याय और उत्पीड़न के खिलाफ अपनी आवाज उठाने के लिए सिख गुरुओं के त्याग और बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता है।

उन्होंने कहा कि हक की लड़ाई लड़ने वाले किसानों को बदनाम करने की साजिशें हो रही है। किसानों की एकता के आगे भाजपा सरकार की कोई चाल नहीं चलेगी। भाजपा को उनके आगे झुकना ही पड़ेगा। समाजवादी किसानों के साथ खड़े हैं। समाजवादी पार्टी को मजबूती देकर प्रदेश को विकास के रास्ते पर ले जाया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर सिख गुरुओं और पंजाबी साहित्यकारों को उचित सम्मान देंगे। पंजाबी अकादमी को ज्यादा मदद दी जाएगी। सिख समाज को संगठन और सरकार में मुख्य भूमिका निभाने का अवसर दिया जाएगा।

भाजपा सरकार झूठे वादे और दावे करती है जबकि समाजवादी जो कहते है वही करते है। उनकी कथनी और करनी में कोई भेद नहीं रहता है। इस मौके पर उत्तर प्रदेश पंजाबी अकादमी के पूर्व उपाध्यक्ष हरपाल सिंह जग्गी, सपा के राष्ट्रीय सचिव राजेंद्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल आदि उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button