
राहुल यादव,लखनऊ। लोगों को पर्यावरण संरक्षण और संवर्धन का महत्व समझाने के लिए उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (यूपीएमआरसी) ने विश्व पर्यावरण दिवस मनाया। इस अवसर पर, प्रबंध निदेशक, कुमार केशव सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ट्रांसपोर्ट नगर मेट्रो डिपो में पृथ्वी पर बेहतर जीवन यापन के लिए बायो-डाइवर्सिटी संरक्षण का प्रयास जारी रखने की शपथ ली। साथ ही, ट्रांसपोर्ट नगर मेट्रो डिपो में एक वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। प्रबंध निदेशक, यूपीएमआरसी, कुमार केशव ने अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ “पर्यावरण संरक्षण” के संकल्प के साथ वृक्षारोपण किया। उत्तर प्रदेश मेट्रो के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की पत्नियों ने भी उत्तर प्रदेश मेट्रो ऑफिसर्स कॉलोनी में वृक्षारोपण कर एक स्वच्छ वातावरण की ओर अपना योगदान दिया।
यूपीएमआरसी ने इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ‘ग्रीन सेल्फी’ प्रतियोगिता का आयोजन किया। जिसमें उत्तर प्रदेश मेट्रो के कर्मचारियों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया और “बायो-डायवर्सिटी: टाइम फॉर नेचर” विषय पर अपनी सेल्फी जमा की। सर्वश्रेष्ठ 3 तस्वीरों को पुरस्कृत किया जाएगा।
गौरतलब है कि पिछले साल, यूपीएमआरसी ने समाज को पर्यावरण संरक्षण की ओर जागरूक करने के लिए (3 जून 2019 से 9 जून 2019 तक) कई गतिविधियाँ और प्रतियोगिताएं आयोजित कर विश्व पर्यावरण सप्ताह मनाया था। लेकिन इस वर्ष, वर्तमान परस्थितिय को ध्यान में रखते हुए, उत्तर प्रदेश मेट्रो ऐसी कोई भी गतिविधि नहीं कर रहा है, जिसके परिणामस्वरूप बड़े पैमाने पर लोगों के एक जगह एकत्रित होने की संभावना हो।
पर्यावरण संरक्षण पर अपने विचार अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समक्ष रखते हुए कुमार केशव ने कहा, ” यह विश्व पर्यावरण दिवस हमारे लिए बेहद महत्वपूर्ण है हमें समझना होगा कि पर्यावरण संरक्षण ही मानव जीवन के सुखद एवं सुगम होने का एकमात्र उपाय है। विश्व भर में व्याप्त कोरोना त्रासदी प्राकृतिक नहीं है और अब हमें कुछ समय तक उसके साथ ही जीना है। अतः इसके साथ जीने में केवल प्रकृति ही हमारा साथ दे सकती है। इस विश्व पर्यावरण दिवस मेरा सब से अनुरोध है कि प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझें और अपना योगदान दें क्योंकि आपका आज किया गया योगदान आने वाली पीढ़ी के लिए अत्यंत सुखद एवं लाभकारी होगा।”