
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : रविवार 1 मार्च, 2026 को लखनऊ मंडल, उत्तर रेलवे में आयोजित अंतर विभागीय फुटबॉल प्रतियोगिता के फाइनल का सफल आयोजन किया गया। फाइनल मुकाबला वर्कशॉप विभाग एवं मैकेनिकल विभाग की टीमों के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में वर्कशॉप टीम ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए 3-0 के प्रभावशाली अंतर से विजय प्राप्त कर विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि मैकेनिकल विभाग की टीम उपविजेता रही।
मैच के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने अनुशासन, खेल भावना एवं टीम वर्क का उत्कृष्ट परिचय दिया। वर्कशॉप टीम ने संतुलित रणनीति एवं आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए निर्णायक बढ़त बनाई और मुकाबले को अपने पक्ष में किया। वहीं मैकेनिकल टीम ने भी सराहनीय प्रदर्शन करते हुए कड़ा मुकाबला प्रस्तुत किया।
मण्डल रेल प्रबंधक, सुनील कुमार वर्मा के साथ अपर मण्डल रेल प्रबंधक शूरवीर सिंह चौहान तथा वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता (C&W) देवेश शर्मा भी उपस्थित रहे। मण्डल रेल प्रबंधक ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को बधाई देते हुए कहा कि खेलकूद गतिविधियां कर्मचारियों में पारस्परिक सहयोग, समन्वय एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को सुदृढ़ करती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के उत्साह एवं अनुशासन की सराहना की। कार्यक्रम के अंत में विजेता वर्कशॉप टीम को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा उपविजेता मैकेनिकल टीम को भी सम्मानित किया गया। साथ ही भविष्य में भी इस प्रकार की अंतर विभागीय खेल प्रतियोगिताओं के नियमित आयोजन पर बल दिया गया, जिससे कर्मचारियों में शारीरिक स्फूर्ति एवं संगठनात्मक एकता को बढ़ावा मिल सके।