
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, जबलपुर : रविवार को पश्चिम मध्य रेल में उल्लासपूर्वक 76वाँ गणतंत्र दिवस समारोह मनाया गया। मुख्य समारोह रेलवे स्टेडियम जबलपुर में आयोजित किया गया जहाँ महाप्रबंधक श्रीमती शोभना बंदोपाध्याय द्वारा ध्वजारोहण कर परेड का निरीक्षण किया। इस अवसर पर रेल सुरक्षा बल, सेंट जॉन एम्बुलेंस, स्काउट्स एवं गाइड्स की टीमों द्वारा मार्च पास्ट किया गया और साथ ही बड़ी संख्या में रेलवे के स्कूली बच्चों द्वारा देश भावनां से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये गये।
इस अवसर पर समारोह में अपर महाप्रबंधक एवं प्रमुख मुख्य यांत्रिक अभियंता नितिन चौधरी, महिला कल्याण संगठन की सदस्याएं तथा विभागों के प्रमुख विभागाध्यक्ष, मंडल रेल प्रबंधक जबलपुर, रेल अधिकारीगण, रेल सुरक्षा बल के जवान एवं कर्मचारीगण, बड़ी संख्या में बच्चे और परिजन उपस्थित रहे।
महाप्रबंधक श्रीमती शोभना बंदोपाध्याय ने अपने संदेश वाचन में 76वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर पश्चिम मध्य रेल के सभी रेल अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिजनों को हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने अपने सन्देश में बताया कि प्रधानमंत्री द्वारा वर्ष 2024 में पश्चिम मध्य रेल की लगभग 4880 करोड़ लागत की विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया है। पश्चिम मध्य रेल को वर्ष 2023-24 के लिए ‘‘अति विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार‘‘ समारोह में रेलमंत्री द्वारा लेखा एवं वित्त प्रबंधन शील्ड एवं कार्मिक प्रबंधन शील्ड प्राप्त हुई है।
इस वित्तीय वर्ष में दिसंबर 2024 तक हमारा परिचालन अनुपात 72 प्रतिशत रहा है। वर्ष 2024 में पश्चिम मध्य रेल ने गतवर्ष की तुलना में संविभाजित यात्री आय, माल यातायात आय एवं प्रारंभिक यात्री आय में वृद्धि दर्ज की है। अधोसंरचना के क्षेत्र में पश्चिम मध्य रेल ने वर्ष 2024 में कुल 183 किमी. नई रेल लाइन, दोहरीकरण एवं तिहरीकरण के कार्य संपन्न किये हैं। कोटा मण्डल में ‘‘कवच‘‘ प्रणाली का कार्य तीव्र गति से किया जा रहा है।
‘‘अमृत स्टेशन योजना‘‘ के तहत, पश्चिम मध्य रेल के कुल 53 रेलवे स्टेशनों का उन्नयन किये जा रहे है। ‘‘एक स्टेशन एक उत्पाद‘‘ ऑउटलेट के अंतर्गत पश्चिम मध्य रेल के सभी चिन्हित स्टेशनों पर स्टॉल स्थापित कर दिए गए है। ‘‘प्रधानमंत्री भारतीय जनऔषधि केंद्र योजना‘‘ के अंतर्गत मदनमहल, कटनी, बीना एवं सवाई माधोपुर रेलवे स्टेशनों पर जनऔषधि केन्द्र संचालित किये जा रहे है।
ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा देने के लिए वर्ष 2024 के दौरान पश्चिम मध्य रेल पर 1073 किलोवॉट क्षमता के रूफ टॉप सोलर प्लांट स्थापित किये गये हैं। पश्चिम मध्य रेल के रेल सुरक्षा बल द्वारा वर्ष 2024 के दौरान महिला यात्रियों की सुरक्षा के लिए ‘‘मेरी सहेली‘‘ अभियान के अंतर्गत तीनों मंडलों में 19 महिला टीमों द्वारा लगभग 47 हजार महिला यात्रियों की सहयता की है। चिकित्सा विभाग द्वारा 10 लाख से अधिक बाह्य रोगियों (ओपीडी) तथा 32 हजार से अधिक भर्ती रोगियों (आईपीडी) का उपचार किया गया है। पश्चिम मध्य रेल के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने इंटर रेलवे तथा नेशनल एथलेटिक्स, बास्केटबॉल, वेटलिफ्टंग, बैडमिंटन एवं कुश्ती आदि विभिन्न प्रतियोगिताओं में 13 स्वर्ण, 06 रजत एवं 08 कांस्य पदक प्राप्त कर पश्चिम मध्य रेल को गौरवान्वित किया है।
उन्होंने प्रिन्ट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों, मान्यता प्राप्त यूनियन एवं विभिन्न एसोसिएशनों को उनके सकारात्मक सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।
भारतीय रेलवे में रेल सुरक्षा बल के समन्वय से अपराधों पर नियंत्रण और यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने में प्रतिबद्ध रहा है। इसी कड़ी में पश्चिम मध्य रेल में गणतंत्र दिवस के अवसर पर आरपीएफ क़्विक रेस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) व्हीकल का महाप्रबंधक द्वारा शुभारंभ किया गया।
पश्चिम मध्य रेल महाप्रबंधक श्रीमती शोभना बंदोपाध्याय द्वारा जागृति (बालगृह) में भी ध्वजारोहण किया गया एवं राष्ट्रीय गान हुआ। महाप्रबंधक श्रीमती बंदोपाध्याय जी द्वारा केन्द्रीय चिकित्सालय जबलपुर में मरीजों को स्वास्थ लाभ एवं गणतंत्र दिवस पर्व की शुभकामनाएं प्रदान की गई।
पश्चिम मध्य रेल मुख्यालय के प्रांगण में प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी प्रभात द्वारा राष्ट्रीय ध्वजारोहण किया गया एवं राष्ट्रीय गान हुआ। इस अवसर पर मुख्य कार्मिक अधिकारी/प्रशासन अजय कुमार दीक्षित, उप मुख्य कार्मिक अधिकारी सहित कार्मिक विभाग के रेल अधिकारियों एवं रेल कर्मचारियों ने भाग लिया। इसी तरह जबलपुर, भोपाल एवं कोटा मण्डलों में मण्डल रेल प्रबन्धकों द्वारा ध्वजारोहण किया गया।