
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, वाराणसी : मंडल रेल प्रबंधक, वाराणसी आशीष जैन ने अपने एक दिवसीय निरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत शुक्रवार 20 मार्च, 2026 को भटनी एवं सलेमपुर रेलवे स्टेशनों एवं भटनी – मऊ रेल खण्ड दोहरीकरण योजना अंतर्गत सलेमपुर – लार रोड स्टेशनों के मध्य चल रहे रेल लाइन दोहरीकरण कार्यों का व्यापक निरीक्षण किया।
मंडल रेल प्रबंधक जैन ने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत भटनी जं रेलवे स्टेशन पर चल रहे पुनर्विकास कार्यों व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पैदल उपरिगामी पुल, प्लेटफार्मो की सरफेस और यात्री शेड के विस्तार, सर्कुलेटिंग एरिया के विकास, स्टेशन भवन के निर्माण, फसाड के सुधार, पोर्च निर्माण, ग्रीन पार्क का विकास, आगमन एवं प्रस्थान कोनकोर्स समेत दोनों द्वार के विकास का निरीक्षण किया और सम्बंधित को दिशा निर्देश दिया ।इस दौरान उन्होंने रेलवे कर्मचारियों की सुविधा हेतु भटनी के “मनोरंजन कक्ष” का निरीक्षण कर उसके जीर्णोद्धार हेतु कार्य योजना बनाने का निर्देश दिया तथा कार्य योजना के अनुरूप शीघ्र सुधार कार्य आरंभ कर मनोरंजन कक्ष को दोबारा रेलवे कर्मचारियों के उपयोग हेतु खोले जाने का निर्देश दिया । इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण भी किया और स्वास्थ्य केंद्र को वर्तमान स्थल से स्थानांतरित कर पुरानी आर आर आई भवन में स्थापित करने का निर्देश भी दिया । इसी क्रम में उन्होंने भटनी जं के एकीकृत क्रू रनिंग रूम, भटनी जं यार्ड में पॉइंट्स सं 490 A &B का पॉइंट्स एण्ड क्रासिंग तथा भटनी यार्ड में समपार संख्या 116 स्पेशल का का संरक्षा निरीक्षण किया और गेट मैन अमित कुमार का संरक्षा ज्ञान परखा । भटनी जं में स्थित रेलवे सुरक्षा बल बैरक का निरीक्षण किया एवं बैरेक में सुरक्षा बल के जवानो को मिलने वाली सुविधाओं का संज्ञान लिया तथा भटनी जं रेलवे स्टेशन की आवासीय रेलवे कालोनी का निरीक्षण किया और रेलवे कर्मचारियों एवं उनके परिजनों को होने वाली समस्याओ का संज्ञान लिया ।
इसके उपरान्त मंडल रेल प्रबंधक जैन ने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत सलेमपुर रेलवे स्टेशन पर चल रहे पुनर्विकास कार्यों व्यापक निरीक्षण किया और पैदल उपरिगामी पुल, प्लेटफार्म, फसाड, सर्कुलेटिंग एरिया, पार्किंग, प्रतीक्षालय आदि यात्री सुविधा विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इसी क्रम में उन्होंने सलेमपुर-लार रोड स्टेशनों के मध्य चल रहे रेल लाइन दोहरीकरण कार्यों के निरीक्षण के दौरान उन्होंने दोहरीकरण कार्यों की प्रगति, कार्य की गुणवत्ता एवं निर्धारित समयसीमा में कार्य की पूर्णता आकलन किया। निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक जैन ने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी एजेंसियों के साथ विभिन्न साईट का निरीक्षण किया । उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों तथा संसाधनों के समुचित उपयोग पर विशेष बल दिया। साथ ही यह निर्देश दिए कि कार्यों को समयबद्ध एवं सुरक्षित तरीके से पूर्ण किया जाए, ताकि यात्रियों को बेहतर एवं सुगम रेल सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें। मंडल रेल प्रबंधक ने दोहरीकरण कार्य के विभिन्न चरणों जैसे ट्रैक बिछाने, पुल/पुलियों के निर्माण तथा सिग्नल एवं दूरसंचार व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।
इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल इंजीनियर प्रथम शैलेन्द्र सिंह, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर तृतीय आयुष कुमार सिंह, सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर यशवीर सिंह, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक बालेन्द्र पाल, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (सामान्य) सौरभ राठौर, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर अभिषेक राय,मंडल वाणिज्य प्रबंधक रमेश पाण्डेय, सहायक मंडल संरक्षा अधिकारी अभिषेक कुमार, सहायक मंडल इंजीनियर मनीष तिवारी सहित वरिष्ठ पर्वेक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित थे।