
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम, वस्त्रोद्योग एवं हथकरघा मंत्री राकेश सचान की अध्यक्षता में मंगलवार को विधान भवन, लखनऊ के कक्ष संख्या-80 में उद्योग स्थायी समिति की तृतीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में समिति के सदस्यगण एवं विभागीय वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रतिभाग करते हुए विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की।
बैठक में गत बैठक के कार्यवृत्त की अनुपालन आख्या की समीक्षा की गई। मंत्री सचान ने सीएम युवा उद्यमी विकास अभियान के क्रियान्वयन में बैंकों को अपेक्षित सहयोग देने के निर्देश दिए । उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों को बिना अनावश्यक कारणों के योजना का लाभ सुनिश्चित कराया जाए।
मंत्री सचान ने निर्देश दिए कि योजना के तहत निर्धारित लक्ष्यों एवं आवेदनों का तहसीलवार विवरण जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराया जाए, ताकि पारदर्शिता बनी रहे। साथ ही जिला उद्योग बंधु की बैठकों में सभी जनप्रतिनिधियों को अनिवार्य रूप से आमंत्रित करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में अवगत कराया गया कि योजना के अंतर्गत जिला सहकारी बैंकों को भी शामिल करते हुए उन्हें लक्ष्य आवंटित कर दिया गया है, जिसके सापेक्ष अधिकांश आवेदनों में वितरण की प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है।
मंत्री सचान ने अधिक से अधिक युवाओं को योजना से जोड़ने के लिए तहसील स्तर पर शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। जानकारी दी गई कि अब तक 87 तहसीलों में 165 शिविर आयोजित कर 12,959 लाभार्थियों को योजना से जोड़ा जा चुका है। इसके अतिरिक्त युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करने हेतु “सीएम युवा कॉनक्लेव एवं एक्सपो” का आयोजन भी किया जा रहा है, जिसके माध्यम से हजारों युवाओं को इनोवेटिव व्यवसायिक अवसरों से जोड़ा गया है।
बैठक में औद्योगिक पार्कों में भूमि उपलब्धता, एमएसएमई पार्कों के विकास और औद्योगिक क्षेत्रों में सुविधाओं के विस्तार पर भी चर्चा की गई। मंत्री ने संबंधित प्रकरणों में जिलाधिकारियों से आख्या प्राप्त कर शीघ्र कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान “सरदार वल्लभभाई पटेल इंडस्ट्रियल एवं इम्प्लॉयमेंट जोन” योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि विभिन्न जनपदों में औद्योगिक पार्कों हेतु भूमि चिन्हित की जा रही है, जिससे प्रदेश में निवेश और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
बैठक में सदस्य विधानसभा रानी पक्षालिका सिंह, विकास गुप्ता, श्याम सुन्दर, राम अचल राजभर, अपर मुख्य सचिव आलोक कुमार, मुख्य कार्यपालक अधिकारी खादी ग्रामोद्योग शिशिर सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
