सामौर बाबा महोत्सव, सिरसागंज बनेगा लोक संस्कृति और श्रद्धा का विराट उत्सव : जयवीर सिंह

राहुल यादव, लखनऊ / फ़िरोज़ाबाद : फिरोजाबाद जनपद के सिरसागंज स्थित ग्राम करहरा की पावन धरती पर 05 से 11 मार्च तक सात दिवसीय सामौर बाबा महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। प्रसिद्ध सामौर बाबा धाम परिसर में आयोजित महोत्सव आस्था और सांस्कृतिक उल्लास का संगम बनने जा रहा है। प्रदेश की समृद्ध विरासत, लोक परंपराओं और कलात्मक उत्कृष्टता को समर्पित इस महोत्सव का आयोजन जिला पर्यटन एवं संस्कृति परिषद, जिला प्रशासन और सामौर बाबा धाम ट्रस्ट के संयुक्त प्रयास से किया जा रहा है। 

उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि ‘सामौर बाबा महोत्सव के दौरान विशाल देवी जागरण, कवि सम्मेलन, शिव नृत्य नाटिका, शिव डमरू नृत्य, संगीतमय प्रस्तुतियां एवं विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे, जो क्षेत्र की समृद्ध परंपराओं को विशिष्ट मंच प्रदान करेंगी। फिरोजाबाद जनपद के प्राकृतिक सौंदर्य और ऐतिहासिक वैभव से परिपूर्ण सामौर बाबा धाम की पृष्ठभूमि में यह आयोजन आगंतुकों को अविस्मरणीय अनुभव प्रदान करेगा। सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रतिदिन शाम 07 बजे से आयोजित होगा।’ 

लखबीर लक्खा बांधेंगे समां, कवि करेंगे मंत्रमुग्ध  
सामौर बाबा महोत्सव के सात दिवसीय आयोजन में जहां एक ओर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की छटा बिखरेगी, वहीं कवि सम्मेलन के माध्यम से साहित्य और शब्द-साधना की सरिता भी प्रवाहित होगी। महोत्सव में 07 मार्च को विशाल देवी जागरण के अंतर्गत लोकप्रिय भजन गायक लखबीर सिंह लक्खा की प्रस्तुति सांगीतिक समां बांधेगी। वहीं, 08 मार्च को विशाल कवि सम्मेलन में पद्मश्री सुनील जोगी, हेमंत पांडेय, राम भदावर, गौरव चौहान, मुकेश मणिकांचन, पद्मिनी शर्मा और योगिता चौहान जैसे ख्यातिप्राप्त कवि अपनी ओजस्वी और हास्य-व्यंग्यपूर्ण रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे। 

रुद्राक्ष बैंड, नाद समूह की रंगारंग प्रस्तुति 
महोत्सव में 09 मार्च को एक के बाद एक आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति से वातावरण भक्तिमय हो उठेगा। वाराणसी के दिव्या श्रीवास्तव समूह द्वारा शिव नृत्य नाटिका का मंचन होगा, जबकि प्रयागराज का रुद्राक्ष बैंड अपनी संगीतमय प्रस्तुति से समां बांधेगा। वहीं, उत्तराखंड के नाद समूह द्वारा भव्य शिव डमरू नृत्य प्रस्तुत कर महोत्सव को विशेष आध्यात्मिक ऊंचाई प्रदान की जाएगी। 10 मार्च को भजन संध्या में कन्हैया मित्तल भक्तिमय प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भाव-विभोर करेंगे।

क्षेत्रीय पर्यटन को मिलेगी विशिष्ट पहचान- मंत्री
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि ‘फिरोजाबाद की धरती पर आयोजित सामौर बाबा महोत्सव हमारी समृद्ध विरासत को नई ऊर्जा प्रदान करेगा। प्रदेश सरकार का उद्देश्य है कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से स्थानीय कलाकारों, साहित्यकारों और युवा प्रतिभाओं को सशक्त मंच मिले तथा क्षेत्रीय पर्यटन को नई पहचान प्राप्त हो। सामौर बाबा धाम आस्था, संस्कृति और पर्यटन का एक सशक्त केंद्र बनकर उभरे, इसी संकल्प के साथ हम निरंतर प्रयासरत हैं।’

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Back to top button