
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, वाराणसी : रेल मंत्रालय और कैबिनेट सचिवालय के निर्देशों के अनुपालन में, मण्डल रेल प्रबंधक आशीष जैन की अध्यक्षता में वाराणसी मण्डल के भारतेन्दु सभागार में सोमवार 02 मार्च,2026 को आयोजित “सेवा संकल्प प्रस्ताव” कार्यक्रम के वाचन और उस पर चर्चा के लिए एक विशेष संगोष्ठी आयोजित की गई।
“सेवा संकल्प प्रस्ताव” मूल रूप से केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा 24 फरवरी, 2026 को नए प्रधानमंत्री कार्यालय, ‘सेवा तीर्थ’ में अपनी ऐतिहासिक पहली बैठक के दौरान पारित किया गया था । कार्यक्रम के दौरान, मण्डल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने इस संकल्प का पाठ किया, जिसमें निम्नलिखित बिंदुओं पर बल दिया गया है :
• नागरिक-केंद्रित शासन: ‘नागरिक देवो भव’ की भावना के प्रति प्रतिबद्धता, यह सुनिश्चित करते हुए कि प्रत्येक निर्णय 140 करोड़ देशवासियों के प्रति सेवा-भाव से प्रेरित हो ।
• अंत्योदय: पारदर्शी और उत्तरदायी शासन के माध्यम से देश के अंतिम व्यक्ति के जीवन को सरल बनाना ।
• विकसित भारत 2047: वर्ष 2047 तक भारत को एक समृद्ध, समर्थ और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाने के राष्ट्रीय संकल्प को दोहराना ।
• आधुनिक कार्य-संस्कृति: जड़ता की जगह गतिशीलता और संदेह की जगह समाधान को बढ़ावा देने वाले बुनियादी ढांचे और कार्यप्रणाली को अपनाना ।
संकल्प के पठन के पश्चात, रेलवे के विभिन्न विभागों और कार्यालयों की भूमिका के अनुसार इस संकल्प को लागू करने के तौर-तरीकों पर चर्चा की गई । इस अवसर पर वरिष्ठ मण्डलीय अधिकारियों ने वाराणसी मण्डल के ढांचे के भीतर संकल्प की भावना को समाहित करने पर अपने विचार साझा किए।
वक्ताओं ने इस बात पर प्रकाश डाला कि वाराणसी मण्डल की कार्य-संस्कृति कर्तव्य, सेवा और समर्पण की त्रिवेणी से संचालित होगी, जिससे ‘रिफॉर्म एक्सप्रेस’ की गति को और तेज किया जा सके ।
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ मण्डल कार्मिक अधिकारी अभिनव कुमार सिंह ने किया। इस कार्यक्रम में वाराणसी मंडल के विभिन्न अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।