‘सेवा संकल्प प्रस्ताव’ के आलोक में उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल में अधिकारियों की बैठक आयोजित

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में नए प्रधानमंत्री कार्यालय ‘सेवा तीर्थ’ में आयोजित केंद्रीय मंत्रिमंडल की ऐतिहासिक प्रथम बैठक में पारित ‘सेवा संकल्प प्रस्ताव’ के अनुपालन में सोमवार 02 मार्च 2026 को उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल में मंडल कार्यालय स्थित सभागार में अधिकारियों की एक विस्तृत एवं महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता मण्डल रेल प्रबंधक,उ.रे.,लखनऊ सुनील कुमार वर्मा द्वारा की गई।

‘सेवा संकल्प प्रस्ताव’ का विधिवत वाचन किया गया तथा प्रस्ताव में निहित सेवा, समर्पण, पारदर्शिता, उत्तरदायित्व एवं नागरिक-केंद्रित कार्यसंस्कृति के मूल सिद्धांतों पर गहन विचार-विमर्श किया गया। अपने संबोधन में मण्डल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा ने कहा कि “‘सेवा तीर्थ’ की अवधारणा शासन की नई कार्य-संस्कृति का प्रतीक है। उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल में हम ‘नागरिक देवो भव’ की भावना को आत्मसात करते हुए यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा एवं संतुष्टि को सर्वोच्च प्राथमिकता देंगे। हमारा प्रयास रहेगा कि मंडल की कार्यप्रणाली और अधिक पारदर्शी, जवाबदेह तथा परिणामोन्मुखी बने।”

बैठक में इस बात पर विशेष बल दिया गया कि मंडल स्तर पर लिया जाने वाला प्रत्येक निर्णय राष्ट्र-निर्माण के व्यापक लक्ष्य से जुड़ा रहे तथा आमजन के जीवन को सरल, सुरक्षित और सुगम बनाने की दिशा में केंद्रित रहेगा। डिजिटल तकनीकों के अधिकतम उपयोग, शिकायत निवारण प्रणाली को सुदृढ़ करने, स्वच्छता, समयपालन तथा यात्री सुविधाओं में निरंतर सुधार पर भी चर्चा की गई।

अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने विभागों में ‘सेवा संकल्प’ की भावना के अनुरूप कार्य-संस्कृति को प्रोत्साहित करें तथा टीम भावना के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करें। उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल ‘विकसित भारत 2047’ के राष्ट्रीय संकल्प के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा सेवा, कर्तव्यनिष्ठा एवं उत्तरदायित्व की भावना के साथ उत्कृष्ट, सुरक्षित एवं विश्वसनीय रेल सेवाएँ प्रदान करने हेतु निरंतर प्रयासरत रहेगा। बैठक में लखनऊ मण्डल के शाखा अधिकारीगण एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Back to top button