लखनऊ: मोदी सरकार की चौथी सालगिरह से ठीक पहले केंद्रीय कैबिनेट ने कई बड़े फैसले लिए हैं।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में बुधवार को केंद्रीय कैबिनेट की बैठक हुई। केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में सरकार ने कई प्रोजेक्टों को मंजूरी दी है। केंद्र सरकार ने नोएडा सिटी सेंटर से सेक्टर 62 तक मेट्रो के विस्तार को मंजूरी दी है इसके अलावा झारखंड के देवघर में एम्स को मंजूरी दी है।
पत्रकारों के साथ बात करते हुए सूचना एवं प्रोद्योगिकी मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में नोएडा सिटी सेंटर से नोएडा सेक्टर 62 तक मेट्रो को विस्तारित करने का फैसला किया है। साथ ही हरियाणा के नंगल चौधरी के निकट फ्रेट गांव को एकीकृत मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक्स हब के रूप में विकसित करने की योजना को भी अंतिम रूप दे दिया गया है।
इसके अतिरिक्त और भी कई बड़े फैसले लिए गये। नोएडा सिटी सेंटर से नोएडा सेक्टर 62 तक मेट्रो विस्तार को मंजूरी, इसके लिए 1967 करोड़ रुपए आवंटित किए हैं। झारखंड के देवघर में नया एम्स तैयार किया जाएगा। इसमें 750 बेड होंगे, इसे 45 महीने में तैयार किया जाएगा। 1100 करोड़ रुपए मंजूर किए हैं। डिफेंस सेक्टर को नेटवर्क स्पेक्ट्रम के लिए 11,330 करोड़ मंजूर। दिल्ली-मुंबई इंडस्ट्रियल कॉरिडोर में लॉजिस्टिक हब को मंजूरी दी गई है।
1504 किमी के वेस्टर्न फ्रेट (माल ढुलाई) कॉरिडोर में फ्रेट गांव भी तैयार किए जाएंगे।